ऑनलाइन टास्क स्कैम में भिलाई के युवक से 8 लाख की ठगी, टेलीग्राम के जरिए फंसाया

दुर्ग जिले के भिलाई में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन टास्क के नाम पर एक युवक से करीब 8 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने “टास्क पूरा करो, पैसा कमाओ” का लालच देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और धीरे-धीरे बड़ी रकम हड़प ली।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-07 भिलाई निवासी रवि कुमार को 27 दिसंबर 2025 को टेलीग्राम के माध्यम से काम करने का मैसेज मिला। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें पहले व्हाट्सएप और फिर एक टेलीग्राम चैनल से जोड़ा गया, जहां ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर ज्यादा मुनाफा देने का झांसा दिया गया।

शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने छोटे टास्क पर पीड़ित के खाते में 1135 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद 10 हजार रुपए निवेश करने पर 50 प्रतिशत लाभ का लालच दिया गया। राशि जमा करने पर उसे 14,950 रुपए वापस मिले, जिससे उसका विश्वास और बढ़ गया।

इसके बाद ठगों ने धीरे-धीरे निवेश की रकम बढ़वानी शुरू कर दी। कभी 46 हजार तो कभी 1,02,350 रुपए स्पेशल टास्क और अधिक कमिशन के नाम पर जमा कराए गए। पीड़ित ने मुनाफे की उम्मीद में लगातार पैसे ट्रांसफर करता रहा।

आरोपियों के कहने पर पीड़ित ने सोना गिरवी रखकर भी रकम जुटाई और विभिन्न बैंक खातों में सीडीएम मशीन और यूपीआई के माध्यम से पैसे जमा किए। 31 दिसंबर 2025 तक उससे करीब 2.53 लाख रुपए और जनवरी 2026 में लगभग 4 लाख रुपए और जमा कराए गए।

जब पीड़ित ने अपनी पूरी राशि मुनाफे सहित निकालने की कोशिश की तो ठगों ने क्रेडिट स्कोर सुधारने के नाम पर फिर से 4 लाख रुपए की मांग कर दी। इसी दौरान उसे ठगी का एहसास हुआ। संपर्क करने पर आरोपियों के फोन बंद मिलने लगे और केवल मैसेज के जरिए पैसे मांगने का दबाव बनाया गया।

पीड़ित ने 25 जनवरी को भिलाई नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही टेलीग्राम चैनल, व्हाट्सएप नंबर और यूपीआई आईडी की तकनीकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश और टास्क के नाम पर मिलने वाले लालच से बचें और किसी भी अनजान लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button