भिलाई इस्पात संयंत्र और लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना को मिली नई रफ्तार

छत्तीसगढ़ में भिलाई इस्पात संयंत्र और लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना जैसी अहम विकास योजनाओं को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की एक मजबूत व्यवस्था बनी है, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से लंबित अधोसंरचना और ऊर्जा परियोजनाएं अब प्रगति प्लेटफॉर्म के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ रही हैं। यह केंद्र सरकार की परिणामोन्मुख और जवाबदेह कार्यशैली का स्पष्ट उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र के आधुनिकीकरण से रेल उत्पादन को बढ़ावा मिला है और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। इससे औद्योगिक विकास को मजबूती मिली है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी बल मिला है।
इसी तरह एनटीपीसी की लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना से छत्तीसगढ़ सहित छह राज्यों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। इस परियोजना से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हुई है और उद्योग व कृषि क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रगति प्लेटफॉर्म के जरिए परियोजनाओं की नियमित निगरानी, निरंतर समीक्षा और बाधाओं का त्वरित समाधान संभव हो सका है। स्पष्ट लक्ष्य, तेज क्रियान्वयन और ठोस परिणाम नए भारत की कार्यसंस्कृति को दर्शाते हैं।
पिछले एक दशक में प्रगति प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में 85 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को गति मिली है। इनमें अवसंरचना, ऊर्जा, रेल, सड़क और कोयला क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ की योजनाएं भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
भिलाई इस्पात संयंत्र के आधुनिकीकरण से उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, वहीं लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना ने छत्तीसगढ़ को पावर हब के रूप में और मजबूत किया है। इन परियोजनाओं से राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और सहायक अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली है।





