भिलाई: उम्दा-पथर्रा रोड के बीच अधजला शव मिलने से सनसनी

भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में आज सुबह एक अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव उम्दा और पथर्रा रोड के बीच में पाया गया। सुबह-सुबह जब कुछ लोग हथखोज की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना की टीम मौके पर पहुंची। शव की हालत देखकर पुलिस ने फौरन फॉरेंसिक टीम को बुलाया। जांच के दौरान पता चला कि यह अज्ञात व्यक्ति की हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई है।
सीएसपी छावनी हरीश पाटिल ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी मजबूत हो गई है। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मिलकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मरचुरी भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द मृतक की पहचान हो सके और आरोपी तक पहुंचा जा सके।





