बतौली: डबरी में डूबने से दो बच्चों की मौत, लापरवाही पर दो स्वास्थ्यकर्मी पर कार्रवाई

सरगुजा :जिले के बतौली ब्लॉक के ग्राम सिलसिला में डबरी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई, जिस पर अब कड़ी कार्रवाई की गई है।
धौरपुर के बीएमओ डॉ. राघवेंद्र चौबे को निलंबित कर दिया गया है और रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर अमन जायसवाल को भी हटा दिया गया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर कलेक्टर ने की।
घटना 18 मई की है, जब ग्राम सिलसिला घोड़ा झरिया के रहने वाले 5 साल के जुगनू (पिता शिवा गिरी) और 4 साल के सूरज (पिता विनोद गिरी) गांव के लोगों के साथ डबरी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों डबरी में डूब गए। जब परिजनों ने बच्चों को ढूंढा तो डबरी के किनारे उनके कपड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने खोजबीन कर दोनों बच्चों को डबरी से बाहर निकाला और तुरंत रघुनाथपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन यहीं अस्पताल प्रबंधन की अमानवीयता सामने आई। आरोप है कि डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के लिए परिजनों से 10-10 हजार रुपये की मांग की। इसके अलावा शव ले जाने के लिए वाहन भी नहीं दिया गया, जिससे परिजन परेशान हो गए।
इस लापरवाही और पैसे की मांग को लेकर मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को हटाया। प्रशासन ने जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
यह घटना न सिर्फ एक दर्दनाक हादसा है, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।





