बालोद: महिला की संदिग्ध मौत से गांव में आक्रोश, सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव

बालोद ज़िले के लिम्हाटोला गांव में एक महिला की आग में झुलसकर हुई मौत के बाद मामला गरमा गया है। ग्रामीणों ने महिला के पति सुरेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए डौंडी थाने का घेराव किया और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले महिला पवन बाई मिट्टी तेल से जल गई थी। गंभीर हालत में उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि सुरेश पहले भी अपनी दो पत्नियों के साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर दोनों अपने मायके चली गई थीं। पवन बाई उसकी तीसरी पत्नी थी। लोगों का कहना है कि सुरेश ने पवन बाई को भी लगातार प्रताड़ित किया और आखिरकार मिट्टी तेल डालकर उसे जला दिया।

मृतका के दो छोटे बच्चे हैं—एक 6 साल की बेटी और 3 साल का बेटा। ग्रामीणों ने थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button