सक्ती में ACB का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ ASI

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी बिलासपुर से शिकायत की थी कि उनके और परिवार के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई से बचाने के बदले एएसआई मिश्रा 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि आरोपी एएसआई पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद बाकी रकम लेने के लिए उसने प्रार्थी को चंद्रपुर स्थित ‘गुड्डू ढाबा’ बुलाया।
शनिवार 10 मई को जैसे ही शिकायतकर्ता ने ढाबे में आरोपी को 20 हजार रुपये दिए, पहले से जाल बिछाकर बैठी एसीबी टीम ने ASI एस.एन. मिश्रा को रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की कई शिकायतें मिल चुकी थीं। फिलहाल एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





