भूपेश बघेल के पूर्व OSD आशीष वर्मा का वीडियो वायरल, भाजपा ने लगाया दबाव बनाने का आरोप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक नया विवाद सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) रहे आशीष वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भाजपा ने इस 21 सेकंड के वीडियो को अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शेयर करते हुए भूपेश सरकार के कार्यकाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा का कहना है कि इस वीडियो से साबित होता है कि बघेल सरकार के समय नियमों को ताक पर रखकर अधिकारियों पर दबाव बनाया गया। पार्टी ने पोस्ट में लिखा “भूपेश के ओएसडी रहे आशीष वर्मा की पाटन में चल रही गुंडागर्दी शर्मनाक है। भूपेश जी अपने गुर्गों को संभालिए, जो अधिकारियों को ‘आपका भी परिवार है’ कहकर धमका रहे हैं।”
दरअसल, यह विवाद पाटन नगर पंचायत में दुकानों के आवंटन को लेकर है। भाजपा का दावा है कि इस मामले में आशीष वर्मा अधिकारियों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे थे। वीडियो में वे एक बैठक में कहते दिख रहे हैं “आप लोगों का करियर है, भविष्य है, अभी भी बोल रहा हूं नियम संगत कर दो, पिटीशन वापस ले लेंगे, जवाबदारी से बोल रहा हूं। पर्सनल पार्टी बनोगे, कल के डेट में आपका भी परिवार है, यह सोचते हुए बोल रहा हूं।”
वहीं, कांग्रेस ने इस वीडियो को ‘अधूरा और भ्रामक’ बताया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा ने वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया है ताकि भूपेश बघेल और उनके सहयोगियों की छवि खराब की जा सके। कांग्रेस का आरोप है कि मौजूदा भाजपा सरकार खुद अपने करीबी लोगों को दुकानों का आवंटन कर रही है और इस विवाद से ध्यान भटकाने के लिए यह वीडियो फैलाया जा रहा है।





