रायपुर में अमित शाह की अध्यक्षता में एंटी-नक्सल बैठक शुरू, मार्च 2026 से पहले अंतिम बड़ा मंथन

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एंटी-नक्सल ऑपरेशन को लेकर आज रायपुर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। पहली समीक्षा बैठक सुबह शुरू हुई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री विजय शर्मा, गृह विभाग के सचिव, डीजीपी, नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
दोपहर 12:45 बजे तक चलने वाली इस बैठक में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर मार्च 2026 की तय समय-सीमा से पहले सुरक्षा स्थिति, इंटेलिजेंस इनपुट्स और ऑपरेशनों की गति की समीक्षा की जा रही है। साथ ही बचे हुए क्षेत्रों से नक्सलियों को समाप्त करने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।
इसके बाद दूसरी समीक्षा बैठक दोपहर 2 बजे तक होगी। 2 से 3 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। फिर 3 बजे से 4:15 बजे तक बैठक होगी। शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक ‘छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस’ थीम पर राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा।

दो एजेंडों पर फोकस-गृह मंत्री विजय शर्मा
गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह 31 मार्च 2026 से पहले की अंतिम बड़ी बैठक है। इसमें LWE (लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज़्म) प्रभावित राज्यों के शीर्ष पुलिस अधिकारी शामिल हैं। बैठक के दो मुख्य एजेंडे हैं-
- तय डेडलाइन तक देश को सशस्त्र नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करना,
- बस्तर के रुके हुए विकास को फिर से गति देना।
विजय शर्मा ने भूपेश बघेल के पंजाब में दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणी से पहले उन्हें राहुल गांधी के बयान पर भी सवाल करना चाहिए।





