अंबिकापुर हवाई सेवा दो माह से ठप, यात्रियों में मायूसी

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के दरिमा स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट से शुरू हुई हवाई सेवा अब विमानन कंपनी की लापरवाही की वजह से बंद पड़ी है। कंपनी ने मौसम की खराबी का हवाला देते हुए करीब दो महीने से उड़ानें रोक दी हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ एयरपोर्ट प्रबंधन को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि भले ही उड़ानें बंद हैं, लेकिन सिक्योरिटी, ऑपरेशन, मेडिकल और फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी अब भी ड्यूटी कर रहे हैं।
19 दिसंबर को जब रायपुर-अंबिकापुर हवाई सेवा की शुरुआत हुई थी, तब उम्मीद जगी थी कि सरगुजा भी हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगा और लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। यह सेवा 19 सीटर फ्लाइ बिग विमान से शुरू हुई थी, जिसका रूट रायपुर-अंबिकापुर, अंबिकापुर-बिलासपुर, बिलासपुर-अंबिकापुर और अंबिकापुर-रायपुर तय किया गया था।





