महिला की सीढ़ी तुड़वाने का आरोप, कांग्रेस नेता पर केस दर्ज

बिलासपुर:तोरवा के महमंद गांव में रहने वाली महिला मधु रजक ने कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और उसके साथियों पर जबरदस्ती मकान की सीढ़ी तुड़वाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि सरपंच और पंचायत के लोगों ने दो दिन का समय दिया था कि वह सीढ़ी हटवा दें, लेकिन उससे पहले ही कांग्रेस नेता और उसके साथी पहुंचकर सीढ़ी तुड़वा दिए।

घटना के दौरान कांग्रेस नेता ने पंचायत के प्रतिनिधियों से भी गाली-गलौज की। महिला ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद तोरवा पुलिस ने नागेंद्र राय और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मधु रजक एक निजी संस्थान में काम करती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले सरपंच और पंचायत सदस्य उनके घर आए थे और सीढ़ी को लेकर शिकायत की थी। उसी दिन कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और उसके साथी भी आ धमके और दबाव बनाकर सीढ़ी तुड़वा दी।

महिला का यह भी कहना है कि पंचायत चुनाव के दौरान उसने भाजपा समर्थित उम्मीदवार का समर्थन किया था, जिससे नाराज होकर नागेंद्र राय उसे धमका चुका था। इस मामले में पहले भी थाने में शिकायत हुई थी।

गांव वालों के अनुसार, नागेंद्र राय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button