रायपुर में दीवाली पर स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी

रायपुर में दीपावली के अवसर पर प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजधानी के सभी प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि उत्सव के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल या हेल्पलाइन से संपर्क करें।
आंबेडकर अस्पताल और डीकेएस सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में बर्न यूनिट और इमरजेंसी वार्ड पूरी तरह सक्रिय हैं। इन अस्पतालों में तीन शिफ्टों में चिकित्सक, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। सर्जरी, ड्रेसिंग यूनिट और आपरेशन थिएटर को भी तैयार रखा गया है। सीनियर डॉक्टरों की टीम 24 घंटे आन-काल ड्यूटी पर रहेगी। साथ ही, एंबुलेंस सेवाओं को भी 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राजधानी के निजी अस्पतालों जैसे इट्सा हॉस्पिटल, रामकृष्ण केयर, बालाजी सुपरस्पेशियलिटी और श्रीनारायणा हॉस्पिटल में भी विशेष मेडिकल टीमें गठित की गई हैं। बर्न, ट्रॉमा और आर्थोपेडिक विभाग के डॉक्टरों को विशेष निगरानी में रखा गया है। अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं के साथ प्राथमिक उपचार केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखा गया है।
फायर ब्रिगेड और पुलिस भी अलर्ट पर हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें गंज, सिविल लाइन, डीडी नगर और कोतवाली थाने के आसपास तैनात रहेंगी। एसडीआरएफ की टीम भी सक्रिय रहेगी। बिजली विभाग को फॉल्ट रिपेयरिंग और शॉर्ट सर्किट की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने शहर में गश्त बढ़ाई है और विशेष सुरक्षा व्यवस्था पटाखा बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अस्पतालों के आसपास लागू की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मिथिलेश चौधरी ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और केवल खुले स्थानों में ही आतिशबाजी करें। जलने या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बर्न यूनिट या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें और घरेलू उपचार से बचें।
दीपावली पर सुरक्षित उत्सव मनाने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी की
रायपुर प्रशासन का उद्देश्य है कि दीपावली का पर्व उल्लास और खुशियों के साथ सुरक्षित तरीके से मनाया जाए। अस्पताल, फायर ब्रिगेड और पुलिस की सक्रियता से किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जाएगी।





