अजय चंद्राकर- अफवाहों से नहीं डरता, राजनीति की लड़ाई आमने-सामने होती है

रायपुर।वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने ईडी की कार्रवाई को लेकर फैल रही अफवाहों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को अपने निवास में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ तरह-तरह की बातें फैलाई जा रही हैं, लेकिन वह राजनीति में लड़ना अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति में वार आमने-सामने होता है, कमर के नीचे किए गए हमले को वह सही नहीं मानते। अब देखना है कि पहले कौन कदम उठाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर चंद्राकर ने कहा कि नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को फायदा मिलेगा। उन्हें यहां के नेताओं की क्षमता की अच्छी समझ है, जिसका लाभ राज्य को मिलेगा।
डीएड-बीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह बात उन्होंने पहली बार सुनी है। सरकार नियमों के अनुसार ही भर्तियां निकालती है। जब विज्ञापन आता है, तब अभ्यर्थी आवेदन करते हैं।
‘जी राम जी’ को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को आखिर किस बात पर आपत्ति है, यह साफ-साफ बताना चाहिए। अगर सरकार से बहस नहीं कर सकते, तो उनसे आकर बहस करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बेबुनियाद आरोपों का जवाब देना जरूरी नहीं है।
मनरेगा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कानून में राज्यों को अपने अनुसार नाम जोड़ने का अधिकार दिया गया था। उन्होंने छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना का नाम रखा था, जिस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई और बाद में महात्मा गांधी का नाम जोड़ा गया। चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के नाम से ही समस्या है और जो लोग राज्य के नाम से नफरत करते हैं, उनसे ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।





