अवैध रेत खनन पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, मशीनें और वाहन जब्त

अवैध रेत खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने आरंग क्षेत्र के समोदा, कागदेही और हरदीडीह रेत खदानों का औचक निरीक्षण किया, जहां अवैध खनन की गतिविधियां पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान समोदा और कागदेही रेत खदानों से एक मोटर बोट सक्शन मशीन (पनडुब्बी) और एक चेन माउंट मशीन जब्त की गई। इन खदानों में खनन कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया, जबकि कागदेही रेत खदान को पूरी तरह सील कर दिया गया। इसके अलावा हरदीडीह क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त दो हाइवा वाहनों को जब्त कर आरंग थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया।

खनन में शामिल व्यक्तियों और रेत खदान संचालकों को नोटिस जारी कर खान एवं खनिज अधिनियम तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने खनिज विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई अवैध खननकर्ताओं के लिए सख्त चेतावनी है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार समोदा, कागदेही और हरदीडीह क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। इसके लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है, जो नियमित निरीक्षण करेंगी। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

प्रशासन ने यह भी दोहराया कि खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में अवैध खनन पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button