खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज दुकानों पर कार्रवाई, 5 दुकानदारों को नोटिस

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग ने खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। निगरानी दल द्वारा की गई जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर 5 दुकानों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कृषि विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 16 दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में स्टॉक का सही संधारण नहीं पाया गया, वहीं कुछ स्थानों पर मूल्य सूची का प्रदर्शन भी नहीं किया गया था।

जिन दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, उनमें गोयल फर्टिलाइजर, किसान इंटरप्राइजेज, अन्नपूर्णा खाद भंडार, विक्की खाद भंडार और नरेश ट्रेडर्स शामिल हैं। सभी संचालकों को जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले में खाद के भंडारण और वितरण पर निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय दल का गठन किया गया है। इस दल के नेतृत्व में उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा, ताकि किसानों को उचित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध हो सके।

इसके साथ ही किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। किसान निर्धारित समय में टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button