60 लाख के बिजली सामान की चोरी करने वाला आरोपी रीवा से गिरफ्तार

बिलासपुर।बिजली सुधार कार्य के लिए दिए गए करोड़ों के सामान में धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम विजय मिश्रा है, जो घटना के बाद से फरार था।
अमानत में की खयानत, करोड़ों का सामान किया गायब
यह मामला कोनी थाना क्षेत्र का है, जहां सीएसपीडीसीएल (छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड) के तहत बिजली सुधार कार्य के लिए लाखों रुपये के एबी केबल, कंडक्टर, ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण भेजे गए थे। लेकिन इन सामानों को विजय मिश्रा और उसके साथी ने चुपचाप गायब कर दिया।
प्रार्थी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
जब यह मामला सामने आया, तो प्रार्थी कार्तिकेश तिवारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को आरोपी विजय मिश्रा की लोकेशन रीवा में मिली। पुलिस टीम ने तुरंत वहां पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
साथी अब भी फरार, तलाश जारी
इस मामले में विजय मिश्रा का एक और साथी भी शामिल था, जो अब तक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे भी पकड़ने की बात कह रही है।





