प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण का आरोप, पास्टर समेत 8 लोग जेल भेजे गए

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को ईसाई समाज की प्रार्थना सभा के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पास्टर समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही–धमतरी मेन रोड स्थित पंचराम नामक व्यक्ति के घर के ग्राउंड फ्लोर पर प्रार्थना सभा चल रही थी। हिंदू संगठनों को जब इसकी खबर मिली तो बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे और जमकर विरोध किया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का खेल चल रहा था। बीमार और गरीब लोगों को चमत्कार दिखाकर बहकाया जा रहा था।

image 2025 09 08T081232.539

हंगामे के बीच पुलिस मौके पर पहुंची और 22 लोगों को थाने ले गई। पूछताछ के बाद पास्टर समेत 8 लोगों पर बिना अनुमति सभा आयोजित करने और धर्मांतरण के संदेह में FIR दर्ज की गई। सभी को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बजरंग दल के नेता पंकज साहू और विहिप के जिलाध्यक्ष बलराम गुप्ता ने चेतावनी दी कि अगर इस तरह धर्म परिवर्तन का खेल नहीं रुका तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसाई समाज अब चर्चों की जगह हिंदुओं के घरों को चर्च में बदलने की कोशिश कर रहा है।

गुंडरदेही टीआई मनीष शेंडे ने बताया कि आठ लोगों पर BNS की धारा 170 के तहत केस दर्ज हुआ है। बाकी लोगों से पूछताछ जारी है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button