शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, इंकार करने पर जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने लंबे समय तक महिला के साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया। विरोध करने पर उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार 45 वर्षीय पीड़िता वर्ष 2019 से अपने पति से अलग रह रही थी और बच्चों के साथ जीवन यापन कर रही थी। इसी दौरान आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ। उसने सहारा देने और शादी का भरोसा दिलाकर महिला का विश्वास जीता और उसके साथ संबंध बनाए।
बताया गया कि आरोपी महिला को रायगढ़ स्थित अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसने पहली बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता रहा। कुछ समय बाद जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के सरगुजा जिले में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





