सक्ती वेदांता प्लांट हादसे पर जनता कांग्रेस सख्त, 7 सदस्यीय जांच समिति गठित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने बेहद दुखद और चिंताजनक बताया है। पार्टी का कहना है कि यह हादसा सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मुनाफाखोरी की सोच का परिणाम है।

पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि इस मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को दोषी ठहराकर कार्रवाई करना गलत होगा। जिम्मेदारी उन उच्च स्तर के प्रबंधन तक तय होनी चाहिए, जो बड़े फैसले लेते हैं।

हाईकोर्ट जज से जांच की मांग

अमित जोगी ने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से कराई जाए। साथ ही दोषियों पर कड़ी आपराधिक कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये तथा घायलों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा घोषित 35-35 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी का ऐलान पीड़ित परिवारों के लिए पर्याप्त नहीं है।

7 सदस्यीय जांच समिति का गठन

मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पार्टी ने 7 सदस्यीय जांच समिति बनाई है, जो घटनास्थल का दौरा कर हादसे के कारण, सुरक्षा व्यवस्था और पीड़ितों को मिली सहायता की समीक्षा करेगी।

इस समिति में सुशील निर्मलकर (अध्यक्ष), संतोषी रात्रे, नवीन अग्रवाल, अर्जुन राठौर, प्रशांत त्रिपाठी, आशीष सुमेर और प्रिंकल दास शामिल हैं।

पार्टी का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की रणनीति तय की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button