बिलासपुर में 13 अक्टूबर को विशेष महाअभियान, बुजुर्गों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा

बिलासपुर जिले में 13 अक्टूबर को आयुष्मान भारत योजना के तहत विशेष महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इस महाअभियान में जिले के सभी राशन वितरण केंद्रों पर 60 साल से ऊपर आयु वर्ग के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में 60 साल से ऊपर 1 लाख 54 हजार 493 लोग अब तक आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं।
जिले में कुल 16.5 लाख लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक लगभग 13 लाख कार्ड बन चुके हैं, जबकि शेष 3.5 लाख कार्ड बनाने की प्रक्रिया चल रही है। विशेष रूप से 70 साल और उससे अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों का वय वंदन कार्ड भी इस महाअभियान में तैयार किया जाएगा। यह कार्ड पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए निशुल्क सुविधा प्रदान करता है।
महाअभियान में सभी पात्र व्यक्ति को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी राशन दुकान पर उपस्थित होना होगा। कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक हैं, ताकि ओटीपी सत्यापन किया जा सके। प्रत्येक पात्र व्यक्ति के लिए अलग-अलग कार्ड बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर आएं और योजना का लाभ उठाएं।
महाअभियान के अलावा, 70 साल और उससे ऊपर आयु वर्ग के लोग निजी और सरकारी अस्पतालों में भी अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। यह सुविधा लगातार उपलब्ध रहेगी, ताकि अधिक से अधिक बुजुर्ग अपने वय वंदन कार्ड का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधा सभी पात्र नागरिकों तक पहुंचे और बुजुर्ग लोगों को अस्पताल में इलाज के दौरान कोई समस्या न हो। इस अभियान के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना के लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस महाअभियान से बिलासपुर जिले के बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा लाभ मिलेगा और निश्शुल्क इलाज की सुविधा सुनिश्चित होगी। सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तारीख को अपने निकटतम राशन दुकान पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं।





