यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मथुरा। मथुरा के राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना माइलस्टोन 110 पर सुबह करीब सवा पांच बजे की है। बस बांदा से दिल्ली की ओर जा रही थी, जिसमें लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

हालात की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और बस को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। उसने बिना घबराए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का निर्देश दिया। चालक और परिचालक की तत्परता से कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया। आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस घटना ने यमुना एक्सप्रेसवे पर पहले हुए बड़े हादसे की याद ताजा कर दी है। गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बलदेव क्षेत्र में घने कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें आठ बसें और एक कार जलकर खाक हो गई थीं। उस दर्दनाक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई थी और दो लोग अब भी लापता हैं। बुधवार की घटना में चालक की सतर्कता और सूझबूझ ने कई जिंदगियों को बचा लिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button