सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आए व्यापारी की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सड़क पार कर रहे एक बाइक सवार व्यापारी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उनके घर से महज 30 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान नमनाकला रिंग रोड निवासी प्रह्लाद सोनी (50) के रूप में हुई है। वे सोमवार शाम बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले थे और बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड पार करते समय यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही व्यापारी ने डिवाइडर पार किया, गांधी चौक से बस स्टैंड की ओर जा रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि व्यापारी ने पहले पीछे से आ रहे ट्रेलर के गुजरने का इंतजार किया, उसके बाद सड़क पार करने लगे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबिकापुर रिंग रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। शहर के बीच से गुजरने वाली इस सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की कमी से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button