पति ने डंबल से किया जानलेवा हमला, दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की मौत

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात 27 वर्षीय SWAT कमांडो काजल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच दिन पहले पश्चिम दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में उनके पति अंकुर ने जिम में इस्तेमाल होने वाले लोहे के डंबल से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर चोटों के कारण काजल कोमा में चली गई थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, काजल वर्ष 2022 बैच की भर्ती थीं और अपनी मेहनत व बहादुरी के दम पर दिल्ली पुलिस की प्रतिष्ठित SWAT यूनिट का हिस्सा बनी थीं। 22 जनवरी को फ्लैट में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी पति ने गुस्से में आकर उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी खुद काजल को अस्पताल लेकर गया और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और मामले में हत्या के प्रयास की धारा लगाई गई थी।
काजल के बड़े भाई निखिल, जो दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं, ने बताया कि घटना के समय आरोपी ने उन्हें फोन किया था। कॉल के दौरान उन्होंने अपनी बहन की चीखें सुनीं, जिसके बाद फोन कट गया। कुछ मिनट बाद आरोपी ने दोबारा फोन कर कहा कि उसने काजल को मार डाला है।
परिजनों का आरोप है कि काजल और अंकुर ने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक डेढ़ साल का बेटा भी है। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर काजल को प्रताड़ित किया जाने लगा था। इसी वजह से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
घटना के बाद काजल को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर हालत बिगड़ने पर गाजियाबाद के अस्पताल में शिफ्ट किया गया। करीब पांच दिन तक चले इलाज के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।
काजल की मौत के बाद पुलिस अब आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी कर रही है। मामले में दहेज प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





