मतदाता सूची सुधार का अंतिम चरण पूरा, बिलासपुर में 20 हजार से ज्यादा दावे दर्ज

बिलासपुर। जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। फोटो युक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का दौर गुरुवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। इस दौरान जिले भर से हजारों दावे और आपत्तियां दर्ज की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, इस बार मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए कुल 20,805 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए 1,816 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इस प्रक्रिया में आम नागरिकों के साथ-साथ राजनीतिक दलों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
राजनीतिक दलों के बीएलए भी पूरी तरह मुस्तैद रहे। आंकड़ों के मुताबिक भाजपा की ओर से 1,933 और कांग्रेस की ओर से 1,521 आपत्तियां दी गईं। अन्य दलों की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब दावा-आपत्तियों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। फार्म-6 के जरिए नए नाम जुड़वाने वाले मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच के बाद ही नाम अंतिम सूची में शामिल किए जाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह सटीक हो।





