Hotel Sealed: अवैध गतिविधियों की शिकायत पर नगर निगम की कार्रवाई, बिलासपुर का RVR OYO होटल सील

Hotel Sealed: बिलासपुर।नगर निगम ने देवनंदन नगर फेज-1 में संचालित RVR OYO होटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। यह होटल सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित है और लंबे समय से यहां संदिग्ध व अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं।
स्थानीय कॉलोनीवासियों का कहना था कि होटल में अनैतिक कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परेशान होकर निवासियों ने एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन ने होटल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन तय समय सीमा में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निगम ने सख्त कदम उठाया।

इसके बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए होटल को पूरी तरह से सील कर दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।





