मोबाइल चोरी के बाद डिप्टी डायरेक्टर के खाते से 2.26 लाख की ऑनलाइन ठगी

राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य विभाग की डिप्टी डायरेक्टर का मोबाइल चोरी होने के बाद उनके बैंक खाते से 2 लाख 26 हजार 562 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी कर अज्ञात आरोपियों ने यूपीआई के जरिए अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर रकम निकाल ली। मामले की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता डिप्टी डायरेक्टर डॉ. निधि ग्वालरे ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी को वे समता एक्सप्रेस से दिल्ली से रायपुर पहुंचीं। सुबह करीब साढ़े पांच बजे रेलवे स्टेशन से ऑटो से घर जाने के दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। घर पहुंचने पर बैग की जांच करने पर मोबाइल गायब मिला, जिसके बाद उन्होंने थाने में मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और सिम को बंद करा दिया।
कुछ दिन बाद उन्होंने नया मोबाइल लेकर उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम दोबारा चालू कराया। 16 जनवरी को उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 5 हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज आया, जिससे उन्हें ठगी का शक हुआ। इसके बाद बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाया गया।
स्टेटमेंट में सामने आया कि 13 से 16 जनवरी के बीच अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से कई ट्रांजैक्शन कर कुल 2 लाख 26 हजार 562 रुपये खाते से निकाल लिए। इसके बाद डॉ. निधि ने थाने में दोबारा शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, यूपीआई ट्रांजैक्शन डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।





