स्मृति वन में रेल कर्मियों का वन भोज, छत्तीसगढ़ी संस्कृति से सजा यादगार आयोजन

बिलासपुर।बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित स्मृति वन में रविवार को छत्तीसगढ़ रेल कर्मचारी अधिकारी संगठन द्वारा वार्षिक सम्मेलन और वन भोज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने सपरिवार भाग लिया और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए।
कार्यक्रम का आयोजन रेलवे की रोजमर्रा की व्यस्तता से हटकर आपसी मेल-जोल और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। प्रकृति की गोद में हुए इस आयोजन में छत्तीसगढ़ी भाषा, लोकसंस्कृति और पारंपरिक खान-पान को खास महत्व दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय संस्था में काम करते हुए अपनी स्थानीय भाषा और संस्कृति को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वन भोज के दौरान पारंपरिक छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। लोग तालियों के साथ झूमते नजर आए। इसके साथ ही संगठन की गतिविधियों, कर्मचारियों के कल्याण और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया और ऐसे आयोजनों को संगठन की एकता के लिए जरूरी बताया। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में इस वन भोज को और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी संवाद के साथ यह वन भोज रेल परिवार के लिए एक यादगार दिन बन गया।





