मनरेगा और SIR को लेकर राहुल गांधी का रायबरेली दौरा, 20 जनवरी को चौपाल और जनता संवाद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी 20 जनवरी को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर मनरेगा और एसआईआर कार्यक्रमों को लेकर संदेश देंगे। दौरे के दौरान राहुल गांधी बतौर सांसद चौपाल और क्लोज डोर जनता दर्शन के माध्यम से आम लोगों से संवाद करेंगे।

जानकारी के अनुसार राहुल गांधी केरल दौरे के बाद सीधे रायबरेली पहुंचेंगे और कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। हालांकि इस दौरे को लेकर अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी का रायबरेली पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।

इस दौरे में राहुल गांधी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को यह संदेश दे सकते हैं कि मनरेगा और एसआईआर जैसे कार्यक्रमों को गंभीरता से लिया जाए और पार्टी द्वारा तय एजेंडे पर मजबूती से काम किया जाए। इसी उद्देश्य से वह अपने संसदीय क्षेत्र में चौपाल के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।

लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह राहुल गांधी का रायबरेली का संभावित छठा दौरा होगा। इससे पहले वह पांच बार अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। सितंबर 2025 में वह दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली आए थे, जहां उन्होंने विकास योजनाओं की समीक्षा के लिए दिशा समिति की बैठक में भी हिस्सा लिया था।

इस बीच राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान अयोध्या जा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी की नजरें उनके कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button