बिलासपुर में धान खरीदी में बड़ी गड़बड़ी, कई कर्मचारी निलंबित

बिलासपुर जिले में धान खरीदी के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। गतौरा और घुटकू धान खरीदी केंद्रों में जांच के दौरान तौल में हेराफेरी और बारदाना घोटाले जैसे मामले सामने आए, जिसके बाद कई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
सहकारिता विभाग और सहकारी बैंक की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। मस्तूरी विकासखंड के गतौरा खरीदी केंद्र में जांच के दौरान तय मानक से अधिक तौल किए जाने और परिचित व्यक्ति को अवैध रूप से खाली बारदाना देने का मामला पकड़ा गया। इस अनियमितता पर खरीदी प्रभारी, बारदाना प्रभारी, कंप्यूटर ऑपरेटर समेत कई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही समिति के प्राधिकृत अधिकारी को पद से हटा दिया गया है।
वहीं घुटकू धान खरीदी केंद्र में किसानों के बचे हुए रकबे में धान खपाने के लिए मिलीभगत किए जाने का मामला सामने आया। इस पर भी संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।





