सेजबहार कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई, बाल्टियों में मिले कीड़े

राजधानी रायपुर की सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (फेज-वन) में नलों से गंदा और बदबूदार पानी पहुंचने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी भरते समय बाल्टियों में कीड़े और गंदगी साफ नजर आ रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

निवासियों के अनुसार, गर्मियों में पहले ही पानी की किल्लत रहती है और सर्दियों में अब गंदा पानी आना शुरू हो गया है। हालात ऐसे हैं कि पीने के लिए लोगों को बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।

समस्या की मुख्य वजह कॉलोनी की पुरानी और जर्जर पाइपलाइन बताई जा रही है, जो खुले नाले के बीच से गुजरती है। कई जगह पाइपलाइन में लीकेज होने से नाले का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में पहले भी शिकायतें की थीं, लेकिन समय पर समाधान नहीं हो सका।

गंदे पानी के कारण उल्टी-दस्त, त्वचा रोग और अन्य संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इससे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। लोगों ने मांग की है कि पूरी पाइपलाइन बदली जाए और नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।

इस मामले में हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई है और जहां-जहां लीकेज है, उसे भी ठीक किया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही कॉलोनी में साफ पानी की सप्लाई बहाल की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button