रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज, 135 की तबीयत बिगड़ी

छत्तीसगढ़ की सहायक शिक्षक भर्ती 2023 से जुड़े डीएड (डीएलएड) अभ्यर्थियों का आमरण अनशन लगातार जारी है। नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड और लंबे समय से चल रहे अनशन के कारण अब तक 135 अभ्यर्थियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे न्यायालयीन आदेशों के बावजूद नियुक्ति से वंचित हैं। आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित जांच नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है। हाल ही में चार अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल रेफर किया गया।
संयुक्त डीएड अभ्यर्थी संगठन के अनुसार मानसिक तनाव, ठंड और शारीरिक कमजोरी के कारण आंदोलनरत अभ्यर्थियों की हालत लगातार बिगड़ रही है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अभ्यर्थी को गंभीर नुकसान होता है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी भी देखी गई। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पूरी तरह योग्य होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया में अनदेखी का शिकार हुए हैं। उनका आरोप है कि बार-बार ज्ञापन और प्रदर्शन के बाद भी केवल आश्वासन ही मिले हैं।
आंदोलनरत अभ्यर्थियों का कहना है कि यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, बल्कि उनके संवैधानिक अधिकार की है। भर्ती प्रक्रिया में देरी और कथित भेदभाव के कारण सैकड़ों परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं।





