बार से निकलकर दोस्तों के साथ होटल जा रहे युवक-युवती की एक्सीडेंट में मौत, हाइवा से टकराई तेज रफ्तार कार

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत नूतन चौक के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली युवती अपने दोस्तों के साथ बार से निकलकर होटल के लिए रवाना हुई थी। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे मुरुम से भरे हाइवा से टकरा गई।

हादसे में जान गंवाने वाली युवती की पहचान अंशु चंद्रा (24) के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के लखाली गांव की रहने वाली थी। वह अशोक नगर में किराए के मकान में रहकर छत्तीसगढ़ यूनिवर्सिटी से एमसीए की पढ़ाई कर रही थी और एक कोचिंग सेंटर में पार्ट टाइम नौकरी भी करती थी। हादसे में जान गंवाने वाला युवक हिमांशु राठौर चांपा तहसील रोड का निवासी था।

कार में अंशु और हिमांशु के अलावा नीरज द्विवेदी और आनंद चंद्रा भी सवार थे। हिमांशु ने अपने दोस्त नीरज को पार्टी के लिए बिलासपुर बुलाया था। चारों लिंक रोड स्थित एक बार में पार्टी करने के बाद मोपका स्थित होटल में रूम बुक कर वहां जा रहे थे। रास्ते में नूतन चौक के पास कार की तेज रफ्तार के कारण वाहन पहले सड़क पर लगे स्टॉपर से टकराया और फिर स्किड होकर हाइवा से जा भिड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी अधिक थी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का एक साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसी साइड बैठी अंशु और हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां अंशु को मृत घोषित कर दिया गया और शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान हिमांशु ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस ने घायल आनंद को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि कार चालक नीरज को मामूली चोटें आई हैं और उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई