“पहल” बनी जनआंदोलन, मुंगेली को नशा मुक्त बनाने प्रशासन और जनप्रतिनिधि एकजुट

मुंगेली। नशा मुक्त मुंगेली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा शुरू की गई विशेष मुहिम “पहल” अब एक सामाजिक आंदोलन का रूप लेती जा रही है। कानून व्यवस्था के साथ-साथ समाज सुधार और जनजागरूकता को केंद्र में रखकर शुरू किया गया यह अभियान अब गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचने लगा है।
इसी कड़ी में बुधवार, 7 जनवरी 2026 को जिला पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में एक विशेष जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मुंगेली को नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक जिला बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि “पहल” का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष से मुंगेली पुलिस स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसके जरिए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियम और नशा मुक्ति के बारे में जानकारी दी जा रही है।
बैठक में तीन अहम मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। पहला, साइबर अपराध से बचाव। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ठगी गई राशि को रोका जा सकता है। दूसरा, यातायात सुरक्षा। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई और मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने पर जोर दिया गया। पुलिस ने बताया कि जागरूकता अभियानों के चलते सड़क दुर्घटनाओं में कमी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण विषय नशा मुक्ति रहा। अधिकारियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है और अपराधों की बड़ी वजह बनता है। स्कूलों और कॉलेजों में चल रहे अभियानों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने एसपी भोजराम पटेल की इस पहल की सराहना की और भरोसा दिलाया कि वे अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करेंगे। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि वे जिले को नशा मुक्त बनाने, सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और साइबर ठगी से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस अब केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि “पहल” के माध्यम से अपराध की जड़ों पर काम कर रही है। जिला पंचायत में आयोजित यह कार्यक्रम आने वाले समय में जिले में सामाजिक जागरूकता और सुरक्षा के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।





