बिलासपुर में गहराया पानी संकट, अमृत मिशन की खराबी से 9 वार्डों में एक वक्त ही मिलेगा पानी

बिलासपुर। शहर में एक बार फिर पेयजल संकट गहराने लगा है। अमृत मिशन योजना के तहत बनी जलापूर्ति व्यवस्था में तकनीकी खराबी आने के कारण नगर निगम ने 9 वार्डों में पानी की सप्लाई सीमित कर दी है। शुक्रवार से इन इलाकों में लोगों को सिर्फ सुबह एक बार ही पानी मिलेगा।

नगर निगम के अनुसार, 300 करोड़ रुपये की लागत से लागू अमृत मिशन योजना में खराबी आने से व्यापार विहार पानी टंकी से जुड़े तारबाहर, विनोबा नगर, क्रांतिनगर, विद्यानगर, तालापारा, अज्ञेय नगर और हेमूनगर समेत 9 वार्ड प्रभावित हुए हैं। बिरकोना स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के वाल्व चेंबर में सुधार कार्य चल रहा है, जिसे पूरा होने में 5 से 7 दिन लग सकते हैं।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने बताया कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में ग्रेविटी फोर्स कम होने के कारण पाइपलाइन में लीकेज हो गया, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। स्थिति को संभालने के लिए अरपा पार चांटीडीह क्षेत्र में बोरिंग पंप और टैंकरों के जरिए पानी की व्यवस्था की जा रही है।

इस बीच पानी संकट को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। पूर्व पार्षद रामा बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा है और करोड़ों रुपये की योजनाएं बार-बार फेल साबित हो रही हैं। वहीं, आम नागरिकों ने जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button