सड़क सुरक्षा माह 2026: बिलासपुर में निकली भव्य बाइक रैली, हेलमेट–सीट बेल्ट का दिया गया संदेश

बिलासपुर:सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जिंदगी भर का दर्द बन सकती है। इसी संदेश के साथ सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत शुक्रवार को बिलासपुर में एक भव्य जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
बाइक रैली की शुरुआत रिवर व्यू बिलासपुर से हुई और यह शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए पुनः रिवर व्यू में समाप्त हुई। रैली रामसेतु, देवकीनंदन चौक, कोतवाली चौक, तेलीपारा रोड, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, भारती नगर चौक, महाराणा प्रताप चौक और मंगला चौक जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी।
रैली में शामिल अधिकारियों और प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के जरिए सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। अधिकारियों ने खुद हेलमेट पहनकर आम लोगों को उदाहरण भी दिया।


इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का सबसे बड़ा साधन हैं।





