सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, दो सगे भाइयों की मौत

कोंडागांव-उमरकोट मार्ग पर भगदेवा चढ़ाव के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कोंडागांव से काम करके मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक पिकअप वाहन से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वाहन का डीजल खत्म हो गया था, जिसके कारण चालक ने वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर दिया था। अंधेरा होने की वजह से पीछे से आ रहे बाइक सवारों को खड़ी पिकअप दिखाई नहीं दी और वे उससे टकरा गए।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक सगे भाई बताए जा रहे हैं और ग्राम बेड़ा के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शवों को एंबुलेंस की मदद से कोंडागांव शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





