नए साल पर कानन पेंडारी में बवाल: सैलानियों के बीच हुई मारपीट, सुरक्षा दावे पर उठे सवाल

बिलासपुर। नए साल के मौके पर कानन पेंडारी जू में घूमने पहुंचे हजारों सैलानियों के बीच अचानक मारपीट होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों से आए लोगों ने यहां पिकनिक और घूमने का प्लान बनाया था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों की वजह से न्यू ईयर की खुशियां हंगामे में बदल गईं।
सुबह से ही जू परिसर में परिवार, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद थे। जानवरों के बीच घूमने और पिकनिक मनाने के बीच अचानक कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर हटते दिखाई दिए।
वीडियो में साफ नजर आया कि झगड़ा कर रहे लोगों पर काबू पाने में सुरक्षा व्यवस्था नाकाम साबित हुई। जबकि प्रशासन की तरफ से पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने का दावा किया गया था, लेकिन मौके पर यह व्यवस्था ढीली नजर आई।
इस घटना ने प्रशासन और जू प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि इतनी बड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा पर सही तरीके से ध्यान क्यों नहीं दिया गया और मारपीट करने वालों पर तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन कितनी सख्ती दिखाता है।





