जनदर्शन में छलका जनता का दर्द, कलेक्टर ने तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश

बिलासपुर कलेक्टोरेट में मंगलवार को हुए जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के साथ पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासनिक लापरवाही और सिस्टम की कमियां भी सामने आईं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल और नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे भी मौजूद रहे। तीनों अधिकारियों के सामने एक-एक कर लोगों की समस्याएं रखी गईं। बिजली, पानी, सड़क, पेंशन, बैंक और जमीन विवाद जैसी समस्याएं सबसे ज्यादा सामने आईं। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भी अपनी पीड़ा खुलकर बताई।
इन्हीं शिकायतों में एक मामला मनीराम केवट का रहा, जो रिटायर शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उनकी करीब 40 लाख रुपये की पेंशन राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मूका शाखा में जमा है, लेकिन बैंक ने अचानक उनका खाता ब्लॉक कर दिया। कई बार गुहार लगाने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। कलेक्टर ने तुरंत बैंक से रिपोर्ट मंगाने का आदेश दिया।
एक दूसरा मामला बिल्हा थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां 2024 की दशहरा रात एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। मृतक के पिता ने इसे हत्या बताते हुए छह युवकों पर आरोप लगाए और कहा कि एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है, पर न्याय नहीं मिला। इस पर कलेक्टर ने पुलिस को मामले की दोबारा गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनदर्शन में साफ संदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और लापरवाही पर कार्रवाई तय है। लोगों को उम्मीद है कि अब उनके मामलों का समाधान जल्द होगा।





