कंधमाल-गंजाम ऑपरेशन में माओवादी नेता गणेश उइके ढेर, मुख्यमंत्री बोले- नक्सलवाद के अंत की निर्णायक शुरुआत

रायपुर। ओडिशा की कंधमाल-गंजाम सीमा के घने जंगलों में चल रहे संयुक्त सुरक्षा अभियान में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीपीआई (माओवादी) के शीर्ष नेता गणेश उइके को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। इसे नक्सल विरोधी अभियान में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कार्रवाई को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना नक्सली नेटवर्क की रीढ़ पर सीधा प्रहार है और यह संदेश देती है कि अब देश में नक्सल हिंसा के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में यह बड़ी कामयाबी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों को इसका श्रेय दिया।

साय ने ऑपरेशन में शामिल जवानों और अधिकारियों के साहस को सलाम किया और कहा कि सरकार का संदेश साफ है—“हिंसा छोड़िए, मुख्यधारा से जुड़िए; वरना कानून सख्ती से काम करेगा।”

उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के जरिए विकास तेजी से पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, हथियार छोड़कर वापसी करने वाले युवाओं के पुनर्वास की भी पूरी व्यवस्था है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और सुरक्षा बलों की बहादुरी से जल्द ही नक्सल-मुक्त भारत का सपना साकार होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई