रायपुर सांसद खेल महोत्सव का मेगा फाइनल संपन्न, मनोज तिवारी रहे मुख्य अतिथि

रायपुर। रायपुर सांसद खेल महोत्सव 2025 का मेगा फाइनल बुधवार को नेताजी सुभाष स्टेडियम में भव्य और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने की, जबकि प्रसिद्ध गायक और दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई और स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

21 सितंबर से शुरू हुए इस खेल महोत्सव में कुल 13 खेलों का आयोजन किया गया। इनमें कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी, शतरंज के साथ-साथ फुगड़ी और गेड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक खेल भी शामिल रहे। मेगा फाइनल में व्यक्तिगत खेलों के विजेताओं को मेडल, 2100 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेताओं को मेडल, 1100 रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। टीम खेलों के विजेताओं को गुरुवार को होने वाले समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

इस आयोजन की खास बात ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की सहभागिता रही। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और सांसद मनोज तिवारी ने सभी ट्रांसजेंडर प्रतिभागियों को सम्मानित किया। यह अवसर खेलों में समावेशन और समान अवसर का मजबूत संदेश लेकर आया।

अपने संबोधन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि रायपुर संसदीय क्षेत्र की 9 विधानसभाओं के 8 ब्लॉकों में 36 स्थानों पर यह महोत्सव आयोजित हुआ, जिसमें करीब 85 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से फिट इंडिया और खेलो इंडिया के संकल्प को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्य अतिथि मनोज तिवारी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन को सही दिशा भी देते हैं। उनकी सुरीली प्रस्तुति और प्रेरक शब्दों ने पूरे माहौल को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया।

महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के आकस्मिक निधन के कारण कार्यक्रम सादगी के साथ संपन्न किया गया। उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

इस खेल महोत्सव का भव्य समापन गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा, जहां विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम में विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई