रायगढ़ में 37 क्विंटल से अधिक बीज की बिक्री पर रोक, कृषि विभाग की कार्रवाई से 9 विक्रेताओं को नोटिस

खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने रायगढ़ जिले में बीज विक्रय केंद्रों पर विशेष जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने 37.45 क्विंटल बीज के विक्रय, वितरण और परिवहन पर रोक लगा दी है। साथ ही कई बीज विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
18 बीज केंद्रों की जांच में मिली खामियां
कृषि विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में 18 बीज विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में बीजों के वैध स्रोत प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। खरसिया, पटेलपाली, धरमजयगढ़ और पुसौर क्षेत्र के कई बीज भंडारों में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभिन्न धान बीजों के स्टॉक की बिक्री, वितरण और परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। संबंधित विक्रेताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
9 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में मासिक प्रतिवेदन और अन्य आवश्यक अभिलेखों का सही संधारण नहीं पाया गया। इस पर कृषि विभाग ने 9 बीज विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विभाग ने बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 107 नमूने परीक्षण हेतु राज्य स्तरीय बीज गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजे हैं। इनमें 84 नमूने सहकारी क्षेत्र और 23 नमूने निजी क्षेत्र से लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से अधिकृत केंद्रों से खरीदारी की अपील
कृषि विभाग ने कहा है कि जिले में खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे केवल अधिकृत बीज विक्रेताओं और सेवा सहकारी समितियों से ही बीज खरीदें।
विभाग ने किसानों से बीज खरीदते समय पक्का बिल लेने की भी अपील की है, ताकि गुणवत्ता संबंधी किसी शिकायत की स्थिति में उचित कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





