गरियाबंद में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, नक्सलियों का डंप बरामद

गरियाबंद।नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों के नापाक मंसूबों को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दडईपानी गांव के पहाड़ी इलाके में नक्सली गतिविधियों की सूचना पर 19 दिसंबर को संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में सीआरपीएफ, ई-30, एसटीएफ, 207 कोबरा और 16वीं बटालियन सीएएफ की टीम शामिल थी।

सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों का छिपाया हुआ डंप मिला। जांच में सामने आया कि माओवादी संगठन डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों ने पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने के लिए यहां आईईडी और मोर्टार हमले की तैयारी कर रखी थी।

जवानों ने चट्टानों के बीच छिपाए गए प्लास्टिक ड्रम और स्टील के डिब्बों से एक भरमार बंदूक, कंपनी निर्मित मोर्टार, 22 मोर्टार सेल, 150 डेटोनेटर, 18 तीर बम समेत अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button