शराब घोटाला मामला: सौम्या चौरसिया 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल, निरंजन दास को ED रिमांड

रायपुर।छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को ईडी ने राज्य प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रह चुकीं सौम्या चौरसिया को कोर्ट में पेश किया। PMLA कोर्ट ने सौम्या चौरसिया को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

बताया गया कि दो दिन पहले ईडी ने सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद शुक्रवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इसी मामले में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी ईडी ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने निरंजन दास को 3 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। निरंजन दास पहले से ही आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की एफआईआर में जेल में बंद हैं। अब ईडी, सौम्या चौरसिया से मिले इनपुट के आधार पर उनसे पूछताछ करेगी।

ईडी के अनुसार, सौम्या चौरसिया की गिरफ्तारी पप्पू बंसल उर्फ लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, तांत्रिक केके श्रीवास्तव और कारोबारी अनवर ढेबर के होटल मैनेजर दीपेन चावड़ा के बयानों के आधार पर की गई है। जांच में सौम्या चौरसिया, रिटायर्ड आईएएस अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर–चैतन्य बघेल के बीच हुई बातचीत के अहम सबूत भी मिले हैं। ईडी का दावा है कि सौम्या चौरसिया को करीब 115.5 करोड़ रुपये की अवैध कमाई (POC) मिली थी और वह शराब सिंडिकेट की सक्रिय सदस्य थीं।

IMG 6607

क्या है शराब घोटाला

ईडी की जांच के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब नीति में बदलाव कर चहेते सप्लायरों के जरिए करीब 3200 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया। नकली होलोग्राम और सील लगी शराब सरकारी दुकानों के माध्यम से बेची गई, जिससे सरकार को भारी टैक्स नुकसान हुआ। इस रकम के नेताओं, अधिकारियों और अन्य लोगों तक पहुंचने का आरोप है।

अब तक कई बड़ी गिरफ्तारियां

इस मामले में अब तक पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं आबकारी विभाग के 28 अधिकारी आरोपी बनाए गए थे, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।

सौम्या चौरसिया पर कई मामलों की जांच

सौम्या चौरसिया के खिलाफ कुल पांच मामलों में जांच चल रही है। इनमें शराब घोटाले के अलावा कोल लेवी, डीएमएफ घोटाला और आय से अधिक संपत्ति के मामले भी शामिल हैं। ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई