अंबिकापुर में GST की बड़ी कार्रवाई, नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में 12 घंटे से ज्यादा चली जांच

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में बुधवार को GST विभाग ने बड़ी छापेमारी की। शहर के एमजी रोड स्थित नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में सेंट्रल जीएसटी (CGST) की टीम ने अचानक दबिश दी और 12 घंटे से ज्यादा समय तक जांच की। गुरुवार को भी यह कार्रवाई जारी रही, जिससे शहर के व्यापारियों में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, CGST की टीम रायपुर से अंबिकापुर पहुंची थी। टीम ने संस्थान में पहुंचते ही बिल, वाउचर, लेखा दस्तावेजों के साथ-साथ कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। टैक्स और वित्तीय लेन-देन से जुड़े डिजिटल डेटा को भी खंगाला गया है।
नवीन इंजीनियरिंग संस्थान सरगुजा संभाग का एक बड़ा और प्रतिष्ठित हैवी मशीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। यह संस्थान भारी मशीनों के अलावा सरकारी विभागों को मशीन और उपकरण सप्लाई करता है। साथ ही “ज्वाय” ब्रांड की इलेक्ट्रिक बाइक और कृषि मशीनों का निर्माण भी करता है।
सूत्रों के मुताबिक, GST विभाग को आशंका थी कि संस्थान में मशीनों की वास्तविक उत्पादन लागत को कागजों में कम दिखाया जा रहा है, जिससे टैक्स की राशि घटाई जा रही थी। इसी शक के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। यदि आरोप सही पाए गए, तो टैक्स चोरी की रकम काफी बड़ी हो सकती है।
छापेमारी के दौरान स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, जीएसटी रिटर्न और बैंक लेन-देन के दस्तावेजों का मिलान किया गया। जांच के समय किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
GST अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में इसे नियमित जांच प्रक्रिया बताया है। उनका कहना है कि सभी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा और तब ही आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से अंबिकापुर और आसपास के इलाकों में जीएसटी विभाग की जांच लगातार जारी है। इससे व्यापारियों में टैक्स नियमों को लेकर सतर्कता बढ़ी है। फिलहाल नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में जांच दूसरे दिन भी चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।





