खरीफ 2025–26 में अवैध धान पर सख्ती: रायपुर जिले में 67 प्रकरण, 3458 क्विंटल से अधिक धान जब्त

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खरीफ वर्ष 2025–26 में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ रायपुर जिले में लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने 2 दिसंबर से 13 दिसंबर के बीच विशेष जांच अभियान चलाया।
संयुक्त निरीक्षण दल ने जिले के अलग–अलग मंडी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किए। इस दौरान अब तक कुल 67 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 3458.56 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
रायपुर मंडी क्षेत्र में 10 प्रकरण सामने आए, जहां चरौदा, कुरा, आमासिवनी, बरबंदा, पंडरभट्टा, मनोहरा सहित विभिन्न गांवों और राइस मिलों से बड़ी मात्रा में धान पकड़ा गया। नवापारा मंडी क्षेत्र में 5 प्रकरण दर्ज कर 541 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया।
इसी तरह आरंग मंडी क्षेत्र में 7 प्रकरण, नेवरा मंडी क्षेत्र में 3 प्रकरण और अभनपुर मंडी क्षेत्र में 2 प्रकरण दर्ज किए गए। इन सभी क्षेत्रों में अवैध रूप से संग्रहित और परिवहन किए जा रहे धान को जब्त किया गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।





