तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बैजनाथपारा में मचाया उत्पात, यूथ कांग्रेस नेता गिरफ्तार

 रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपारा इलाके में आधी रात को अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। घटना में आरोप है कि यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर वाहन चला रहे थे। लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्होंने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो बेहद तेज रफ्तार में थी। अचानक हुई टक्करों से कई लोग बाल-बाल बचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा दृश्य कैद हो गया है, जिसमें वाहन के अनियंत्रित होकर इधर-उधर टकराते हुए साफ देखा जा सकता है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने चालक व उसके साथियों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने राहुल ठाकुर और उनके साथियों को जमकर पिटाई की, जिसके बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गए।

कुछ समय बाद राहुल ठाकुर और उसके साथी दोबारा इलाके में पहुंच गए, जिससे तनाव बढ़ गया। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और राहुल ठाकुर तथा उसके साथी पारस वाधवा को हिरासत में ले लिया। घटना से आक्रोशित लोग आधी रात को ही थाना पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस ने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वाहन की टक्कर से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके अलावा, आरोपियों पर हथियार से जुड़े संभावित आरोपों की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय लोग इसे गंभीर मामले के रूप में ले रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जांच में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button