दो साल में आवास और पर्यावरण विभाग की बड़ी उपलब्धियां, नवा रायपुर बना विकास का नया केंद्र : ओपी चौधरी

रायपुर में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विभाग ने पिछले दो वर्षों में उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान किफायती आवास, बेहतर रहने की सुविधा, रोजगार के अवसर और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है।

मंत्री चौधरी ने कहा कि दो साल पहले छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल आर्थिक संकट में था। हजारों मकान और दुकानें बिक नहीं पा रही थीं और 735 करोड़ रुपये का कर्ज था। राज्य सरकार की मदद से मंडल को कर्ज मुक्त किया गया। इसके बाद ओटीएस-2 योजना शुरू की गई, जिसमें 30 प्रतिशत तक की छूट दी गई। इस योजना से 9 महीनों में 1251 संपत्तियां बिकीं और 190 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।

उन्होंने बताया कि अब मांग के अनुसार ही निर्माण किया जाएगा, ताकि भविष्य में संपत्तियां खाली न रहें। नई नीति के तहत पर्याप्त पंजीयन के बाद ही निर्माण शुरू होगा। साथ ही, ऑनलाइन पोर्टल और एआई चैटबॉट के जरिए लोगों को 24 घंटे जानकारी मिल रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।

मंत्री ने नवा रायपुर अटल नगर की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर देश का पहला कर्ज मुक्त ग्रीनफील्ड शहर बन गया है। 1,345 करोड़ रुपये का पूरा कर्ज चुका दिया गया है, जिससे हजारों करोड़ की जमीन और संपत्तियां गिरवी मुक्त हुई हैं।

नवा रायपुर में टेक्सटाइल पार्क, आईटी और सेमीकंडक्टर सेक्टर में बड़े निवेश की योजना है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही साइंस सिटी, मेडिसिटी, आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर, इनलैंड मरीना और वेडिंग डेस्टिनेशन जैसे प्रोजेक्ट भी विकसित किए जा रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर मंत्री ने बताया कि उद्योगों की निगरानी के लिए रियल टाइम सिस्टम लागू किया गया है। औद्योगिक कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए कॉमन हेजार्डस वेस्ट सुविधा भी तैयार की गई है, जो अप्रैल 2025 से पूरी तरह शुरू हो जाएगी।

मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आवास एवं पर्यावरण विभाग के इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ वित्तीय रूप से मजबूत, निवेश के लिए अनुकूल और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर अटल नगर इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई