गरियाबंद में दो इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, सरकार की नीति से बदला मन

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में दो सक्रिय और इनामी नक्सलियों ने हथियार छोड़कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
आत्मसमर्पण करने वालों में एसडीके एरिया कमेटी का सदस्य संतोष उर्फ लालपवन और सीनापाली एरिया कमेटी की सदस्य मंजू उर्फ नंदे शामिल हैं। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों नक्सली बस्तर जिले के रहने वाले हैं और वर्ष 2010 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे। इस दौरान वे 10 से अधिक नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर दोनों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया। आत्मसमर्पण के बाद अब वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर नया जीवन शुरू करेंगे।
पुलिस और प्रशासन की ओर से दोनों के लिए पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जो भी नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, सरकार उन्हें पूरा सहयोग देगी।





