पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

रायपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह आज गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका ने की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उच्च शिक्षा मंत्री टंकाराम वर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में कुलपति आचार्य डॉ. दिवाकर नाथ वाजपेयी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 64 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, 92 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 36,950 छात्रों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर की डिग्रियाँ प्रदान की गईं।
मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए देश निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भारत की बढ़ती हुई ताकत और तेज़ी से बदलते दौर की साझेदार है। उन्होंने बेटियों की बढ़ती उपलब्धियों की भी सराहना की और कहा कि स्वर्ण पदक सूची में बेटियों की संख्या गर्व बढ़ाने वाली है।
कोविंद जी ने प्रेरित करते हुए कहा— “कभी यह मत सोचिए कि आप पीछे रह गए हैं। अगर प्रयास नहीं छोड़ते, तो हमेशा आगे रह सकते हैं।”
उन्होंने छात्रों को भारतीय संस्कृति, योग और विज्ञान जैसी परंपराओं से जुड़े रहने की सलाह दी।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जीवन में गिरना कमजोरी नहीं, बल्कि फिर से उठने का साहस ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से दूर रहने और योग–ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। राज्यपाल ने अनुशासन को सफलता की नींव बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सफलता केवल डिग्री से नहीं, बल्कि सीखने की निरंतर इच्छा से मिलती है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बहुविषयक शिक्षा, चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम, डिजिटल सेवाओं और आधुनिक पाठ्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश, परीक्षा और डिग्री जैसी प्रक्रियाओं को डिजिटल किया गया है, जिससे छात्रों को सरल और पारदर्शी सुविधा मिल रही है। उन्होंने पीएम-उषा कार्यक्रम के तहत मिलने वाली सहायता से नए लैब, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी के विकास की जानकारी भी दी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उच्च शिक्षा मंत्री टंकाराम वर्मा ने विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। समारोह में विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका ‘कन्हार’ का भी विमोचन किया गया।





