परिचित ऑटो चालक के साथ गई शिक्षिका, पति से मांगी पांच लाख की फिरौती, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के भिलाई में स्नेह संपदा स्कूल की एक शिक्षिका के कथित अपहरण की सूचना से परिवार और पुलिस में हड़कंप मच गया था। जांच में पता चला कि शिक्षिका अपने परिचित ऑटो चालक के साथ गई थी और उसी ने उसका भरोसा पाकर पांच लाख रुपये की फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
28 नवंबर की सुबह शिक्षिका के पति को मोबाइल कॉल आया, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि शिक्षिका का अपहरण कर लिया गया है और पांच लाख रुपये नहीं देने पर उसे नुकसान पहुंचेगा। इसके बाद थाना छावनी में मामला दर्ज किया गया और पूरी पुलिस मशीनरी सक्रिय हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। ऑटो चालकों से पूछताछ के दौरान शक इंखताब आलम पर गया, जो वर्षों से स्कूल के बच्चों के साथ शिक्षिका को लाने-ले जाने का काम करता था। आरोपी ने गरीबी और कर्ज की झूठी कहानियों से शिक्षिका की सहानुभूति अर्जित की थी।
पुलिस ने शिक्षिका को सुरक्षित निकाल लिया और आरोपी इंखताब आलम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल सिम, मोबाइल और ऑटो जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि शिक्षिका पूरी तरह सुरक्षित है और आरोपी पर कानूनी कार्रवाई जारी है।





