छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 25 जिलों को मिले नए अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश के 25 जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जबकि 16 जिलों में पुराने नेताओं पर फिर भरोसा जताया गया है। यह बदलाव संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति को धार देने के उद्देश्य से किया गया है।
जिलाध्यक्षों के चयन के लिए कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान चलाया था, जिसकी निगरानी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त 17 पर्यवेक्षकों ने की। पर्यवेक्षकों ने संभावित दावेदारों से सीधी बातचीत के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, पत्रकारों सहित विभिन्न वर्गों से फीडबैक लेकर छह–छह नामों का पैनल तैयार किया था। इसी पैनल के आधार पर पार्टी नेतृत्व ने जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की हैं।
पार्टी का कहना है कि ये फैसला केवल सीनियरिटी या गुटीय समीकरणों के आधार पर नहीं बल्कि जमीनी पकड़, लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। शीर्ष नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता के बीच स्वीकार्यता और सक्रियता ही भरोसे का मुख्य पैमाना है।
इन 16 जिलों में फिर जताया भरोसा:
बालोद में चंद्रकेश कुमार हिरवानी, बलौदाबाजार में सुमित्रा घृतलहरे, बस्तर ग्रामीण में प्रेम शंकर शुक्ला, बेमेतरा में आशीष छाबड़ा, भिलाई शहर में मुकेश चंद्राकर, बीजापुर में लालू राठौर, बिलाईगढ़–सारंगढ़ में तारा चंद्र देवांगन, दुर्ग ग्रामीण में राकेश ठाकुर, जगदलपुर शहर में सुशील मौर्य, कोरबा ग्रामीण में मनोज चौहान, कोरिया में प्रदीप गुप्ता, मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर में अशोक श्रीवास्तव, मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में सुरजीत सिंह ठाकुर, मुंगेली में घनश्याम वर्मा, रायगढ़ ग्रामीण में नागेंद्र नेगी और सरगुजा में बालकृष्ण पाठक को पार्टी ने फिर जिलाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है।
इन 25 जिलों में बनाए गए नए अध्यक्ष:
बलरामपुर में हरिहर यादव, बिलासपुर सिटी में सिंधाशु मिश्रा, बिलासपुर ग्रामीण में महेंद्र गंगोत्री, दंतेवाड़ा में सलीम उस्मानी, धमतरी में तारणी चंद्राकर, दुर्ग सिटी में धीरज बकीवाल, गरियाबंद में सुखचंद्र बेसरा, गौरेला–पेंड्रा–मरवाही में गजमती भानु, जांजगीर–चांपा में राजेश अग्रवाल, जशपुर में यूडी मिंज, कांकेर में बसंत यादव, कवर्धा में नवीन जयसवाल, खैरागढ़–गंडई–छुईखदान में कोमल दास साहू, कोंडागांव में रवि घोष, कोरबा शहर में मुकेश राठौर, कोरिया में नागेंद्र नेगी, महासमुंद में द्वारिकाधीश यादव, नारायणपुर में राजेश दिवान, रायगढ़ शहर में शशांक मिश्रा, रायपुर शहर में श्रीकुमार मेनन, रायपुर ग्रामीण में पप्पू बंजारे, राजनांदगांव शहर में जितेंद्र मुदलियार, राजनांदगांव ग्रामीण में विपिन यादव, सक्ती में रश्मि गभेल, सुकमा में हरिश लखमा और सूरजपुर में शशि सिंह कोर्राम को पार्टी ने नए जिलाध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया है।
नियुक्तियों की सूची जारी होने के बाद नए पदाधिकारियों ने कहा कि वे संगठन की मजबूती, जनता से संवाद और पार्टी नीतियों के प्रचार–प्रसार में तेजी लाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया है कि यह बदलाव प्रदेश में संगठनात्मक ऊर्जा और प्रभाव को नई गति देगा।





